सिद्धार्थनगर जनपद के मिठवल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत जीवा में विकास कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता नीरज पांडेय द्वारा ग्राम प्रधान एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीडीओ मिठवल द्वारा की गई जांच में कई कार्यों में गड़बड़ी पाई गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि एलईडी लाइट लगाए बिना ही भुगतान निकाल लिया गया। इसके अलावा नाली निर्माण में भी मानकों के अनुरूप कार्य नहीं किया गया, लेकिन पूरा भुगतान निकाल लिया गया। वहीं ओपन जिम सहित अन्य विकास कार्यों में भी कागजों में खर्च दिखाया गया, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही पाई गई।
जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर ग्राम पंचायत जीवा के प्रधान, सचिव एवं अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के लिए शासन स्तर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
इस मामले में शिकायतकर्ता नीरज पांडेय ने कहा कि यह संदेश बिल्कुल स्पष्ट है कि ग्राम पंचायत जीवा, ब्लॉक मिठवल की जांच को केवल कागजी कार्रवाई नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे अपने संकल्प पर अडिग हैं और भ्रष्टाचार से जुड़े हर व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी तत्व को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और लोगों में यह उम्मीद जगी है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।